लखनऊ :
प्रेमिका से बात करते-करते युवक ने उठाया खौफनाक कदम,खुद को गोली से उड़ाया।
जंगल में गोली की आवाज सुन पहुंची भीड़,नजारा देख उड़े होश।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना बिजनौर क्षेत्र के जालिमखेड़ा गांव के जंगल में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में मिले युवक को पुलिस ने तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया जहाँ डाक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया। घटनास्थल से पिस्टल के साथ कीटनाशक दवा की दो खुली शीशियां, कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल और डिस्पोजल गिलास मिलने से पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान करन यादव पुत्र स्वर्गीय राम किशोर, निवासी रायसिंह खेड़ा, थाना बिजनौर के रूप में हुई है। करन की उम्र करीब 25 वर्ष थी और वह वृंदावन कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की निजी कार चलाता था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विस्तार :
लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक प्राइवेट कार चालक युवक संदिग्ध हालत में गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर जंगल में अचेत अवस्था में पड़ा मिला उसके मुंह से झाग निकलने के अलावा बाएं तरफ कनपटी में गोली लगने के साथ खून का बह रहा था राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन उसे लोक बंधु अस्पताल पहुंचाया ,जहाँ दम तोड़ दिया। युवक की पहचान के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे करन घर से ड्यूटी जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि जालिमखेड़ा के जंगल में एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करन घायल अवस्था में मिला। उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी और वह जंगल के अंदर करीब 100 मीटर की दूरी पर पड़ा था।
जांच के दौरान मौके से एंड्रॉयड मोबाइल फोन, खुली कोल्ड ड्रिंक की बोतल, पानी की बोतल, डिस्पोजल गिलास, दवा की दो छोटी खुली शीशियां और एक पिस्टल बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में पिस्टल अवैध बताई जा रही है। करन के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है, जिसके चलते पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन तो नहीं किया था।
प्रेमिका से वीडियो कॉल के बाद उठाया खौफनाक कदम।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करन का एक युवती से प्रेम संबंध था। घटना से पहले वह युवती से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद करन कथित तौर पर क्षुब्ध हो गया और वीडियो कॉल के दौरान ही देसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर जंगल की ओर पहुंचे। वहां करन को खून से लथपथ हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे लोकबंधु अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वीडियो कॉल की पूरी कहानी खंगाल रही पुलिस।
प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस करन के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल के आधार पर युवती की जानकारी जुटा रही है। युवती से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कॉल के दौरान दोनों के बीच क्या बातचीत हुई और करन ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। बरामद पिस्टल, दवा की शीशियों और अन्य सामान को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कीटनाशक की शीशियां और मौके पर मिला अन्य सामान घटना से पहले करन के इस्तेमाल में था या नहीं।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ मोबाइल व कॉल डिटेल की जांच के बाद ही कोई टिप्पणी करना उचित होगा।
