बुधवार, 16 सितंबर 2026

लखनऊ : चारबाग में पांचवीं मंजिल से गिरा होटल कर्मी की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप।।Lucknow: A hotel employee died tragically after falling from the fifth floor in Charbagh.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
चारबाग में पांचवीं मंजिल से गिरा होटल कर्मी की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप।।
●निर्माण कार्य के दौरान छत से नीचे गिरा प्रणव विश्वास,चली गई जान।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना हुसैनगंज क्षेत्र चारबाग स्थित मोहन होटल चौराहे के पास बालाजी ग्रैंड होटल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब होटल की पांचवीं मंजिल की छत से गिरकर एक कर्मचारी की दर्दनाक दु:खद मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान प्रणव विश्वास पुत्र पंचानन विश्वास, निवासी टैगोर नगर, शक्ति फार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रणव होटल में कार्यरत था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह होटल की पांचवीं मंजिल की छत से नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। फील्ड यूनिट को बुलाकर भी घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, युवक अचानक छत से कैसे गिरा और घटना के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सके।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
चारबाग क्षेत्र में होटल से जुड़े हादसों ने फिर उठाए सवाल
चारबाग और हुसैनगंज क्षेत्र में पूर्व में भी ऊंची होटल इमारतों से जुड़े हादसे सामने आते रहे हैं। ऐसे में बालाजी ग्रैंड होटल में पांचवीं मंजिल से युवक के गिरकर मौत होने की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों और निर्माण कार्य के दौरान बरती जा रही सावधानियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।