गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण में ट्रैक्टर से पहुंचे राकेश टिकैत, 17 सूत्रीय मांगों पर दो घंटे चली मैराथन वार्ता!!
दो टूक//नोएडा, 16 सितंबर 2026। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को भी जारी रहा। इसी दौरान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत सैकड़ों किसानों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर धरनास्थल पहुंचे और किसानों की 17 सूत्रीय मांगों को लेकर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक महत्वपूर्ण वार्ता की।
अधिकारियों के अनुरोध पर चौधरी राकेश टिकैत किसानों की समस्याओं पर वार्ता के लिए तैयार हुए। इसके बाद वह धरनास्थल से ट्रैक्टर पर सवार होकर किसानों के साथ प्राधिकरण कार्यालय के अंदर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने के बाद चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण के अंदर पहुंचने वाला यह पहला ट्रैक्टर और किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित पहला धरना है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और लंबा एवं व्यापक किया जाएगा।
17 सूत्रीय मांगपत्र पर हुई विस्तार से चर्चा
चौधरी राकेश टिकैत की अध्यक्षता में हुई करीब दो घंटे की बैठक में किसानों के 17 सूत्रीय मांगपत्र पर बिंदुवार विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में किसानों की लंबित समस्याओं, मांगों और उनके समाधान को लेकर प्राधिकरण अधिकारियों के समक्ष किसान पक्ष ने अपनी बात रखी।
बैठक का संचालन भारतीय किसान यूनियन गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। किसान प्रतिनिधियों ने मांगों के समाधान को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा और कहा कि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।
प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नोएडा प्राधिकरण की ओर से सीईओ कृष्णा करुणेश, एसीईओ पुष्पराज सिंह, ओएसडी क्रांति शेखर, ओएसडी हर्षिता तिवारी, डीजीएम आर.पी. सिंह, एस.के. सिंह, ए.के. अरोड़ा, मीणा भार्गव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं किसान पक्ष से एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, राजीव मलिक, मटरू नागर, श्रीपाल कसाना, विपिन तंवर, रविंद्र भगत, अनिल खारी, जोगिंदर कसाना, शैलेश बेसोया सहित बड़ी संख्या में किसान एवं भाकियू कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।
वार्ता के बाद समीक्षा कर लिया जाएगा आगे का निर्णय
बैठक समाप्त होने के बाद चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि प्राधिकरण अधिकारियों के साथ हुई वार्ता की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद किसानों के आंदोलन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी निर्णय होगा, उसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना—तीनों प्राधिकरणों से जुड़े किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखा जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की मांगों का ठोस समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, वार्ता के बाद अब किसानों की नजर प्राधिकरण की ओर से मांगों के समाधान के लिए उठाए जाने वाले अगले कदम पर टिकी है। आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि केवल वार्ता से नहीं, बल्कि मांगों के ठोस समाधान और उस पर प्रभावी कार्रवाई के बाद ही आंदोलन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।।
