सोमवार, 28 सितंबर 2026

लखनऊ : जनता दर्शन में सीएम योगी का सख्त तेवर, बोले- शांति और कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों को सिखाएं सबक।||Lucknow: CM Yogi takes a tough stance during the public meeting, saying, "Teach a lesson to those who disrupt peace and law and order."||

शेयर करें:
लखनऊ : 
जनता दर्शन में सीएम योगी का सख्त तेवर, बोले- शांति और कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों को सिखाएं सबक।
दो टूक : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि शांति, खुशहाली और सुदृढ़ कानून व्यवस्था नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। इसमें बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार सोमवार को राजधानी लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान रायबरेली से पहुंचे एक बुजुर्ग अपनी पीड़ा बताते हुए भावुक हो गए। शरीर पर लगी चोट दिखाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर रुपये छीन लिए। बुजुर्ग की पीड़ा सुनकर मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जानकारी ली और अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को किसी तरह घबराने की जरूरत नहीं है। हर पीड़ित की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।
जनता दर्शन में जमीन पर जबरन कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी दबंग द्वारा गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है तो जमीन को कब्जामुक्त कराने के साथ दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राजस्व से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवादों को लंबित न रखा जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सीएम ने स्पष्ट कहा कि प्राथमिकता आमजन को सुरक्षित माहौल और न्याय उपलब्ध कराना है। किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय, जमीन पर अवैध कब्जा या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।