लखनऊ :
जिंदगी खत्म करने निकला कैब चालक ने गोमती मे लगाई छलांग-सिपही ने बचाई जान।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना मदेयगंज क्षेत्र में बुधवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कैब चालक ने नया पक्का पुल पर अपनी कार खड़ी करने के बाद गोमती नदी में छलांग लगा दी। नदी में डूबते युवक की चीख-पुकार सुनकर गश्त कर रही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। आरक्षी अवधेश कुमार ने साहस और तत्परता दिखाते हुए कुड़ियाघाट से नाव लेकर खुद नदी में उतरकर युवक की जान बचा ली।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच लखनऊ के थाना मदेयगंज की पॉलीगॉन-132 मोबाइल टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। नया पक्का पुल पर एक कार लावारिस हालत में खड़ी दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने आसपास तलाश की तो गोमती नदी में एक युवक छटपटाता हुआ दिखाई दिया, जो मदद के लिए चिल्ला रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पॉलीगॉन मोबाइल में तैनात आरक्षी अवधेश कुमार ने तत्काल कुड़ियाघाट के पास से नाव ली और खुद नाव चलाकर नदी में पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उन्होंने डूब रहे युवक को नाव में सुरक्षित बैठाया और नदी से बाहर निकाल लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान शाश्वत शुक्ला, निवासी प्रतापगढ़, हाल पता चिनहट, लखनऊ, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई। शाश्वत ने पुलिस को बताया कि वह ओला-उबर ऐप के जरिए कैब चलाकर जीवनयापन करता है। कार के लोन की कई किस्तें समय से जमा नहीं हो पाने और आर्थिक दबाव बढ़ने के कारण वह बेहद परेशान था। इसी तनाव में उसने आत्महत्या के इरादे से गोमती नदी में छलांग लगा दी।
पुलिस ने युवक को तत्काल बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी काउंसिलिंग कर उसे समझाया-बुझाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के थाने पहुंचने के बाद युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
सिपाही की बहादुरी को सलाम, DCP ने घोषित किया 5 हजार का इनाम
युवक की जान बचाने में आरक्षी अवधेश कुमार की तत्परता और साहस की पुलिस विभाग में सराहना हुई है। पुलिस उपायुक्त मध्य ने आरक्षी अवधेश कुमार को 5,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पूरे घटनाक्रम में उपनिरीक्षक गणेश कुमार, उपनिरीक्षक पंकज नागर, आरक्षी अवधेश कुमार और आरक्षी जितेंद्र कुमार सरोज की भूमिका रही।
