गौतमबुद्धनगर: खुदाई के दौरान IGL की गैस पाइपलाइन फटी, शारदा यूनिवर्सिटी के पीछे उठीं आग की ऊंची लपटें!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब शारदा यूनिवर्सिटी के पीछे आईएसएबी के पास पुस्ता रोड पर खुदाई के दौरान आईजीएल की गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही गैस का रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही देर में गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि पुस्ता रोड पर प्राधिकरण की ओर से खुदाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही आईजीएल की गैस पाइपलाइन चपेट में आ गई। पाइपलाइन टूटने के बाद गैस का रिसाव हुआ और अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं, जिन्हें देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। साथ ही आईजीएल की तकनीकी टीम को भी बुलाया गया। स्थिति को देखते हुए आईजीएल की टीम ने तत्काल गैस की सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाया।
समय रहते गैस की आपूर्ति बंद किए जाने से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के दौरान उठी ऊंची लपटों और धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। घटना के बाद संबंधित टीमों द्वारा पाइपलाइन को हुए नुकसान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने को ही गैस रिसाव और आग लगने की वजह माना जा रहा है।।
