बुधवार, 30 सितंबर 2026

गोण्डा : बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक अजय सिंह, बांटी राहत किट नकहरागांव में ग्रामीणों की सुनी समस्याएं।।Gonda:MLA Ajay Singh reached out to flood victims and distributed relief kits.Listened to the problems of villagers in the village.||

शेयर करें:
गोण्डा : 
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक अजय सिंह, बांटी राहत किट नकहरा
गांव में ग्रामीणों की सुनी समस्याएं।।
।।वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोण्डा जनपद के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और सहायता कार्यों के बीच करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह ने ग्राम सभा नकहरा का दौरा किया। विधायक ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और मौके पर पहुंचकर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली।
विस्तार :
स्थानीय विधायक अजय कुमार सिंह ने जरूरतमंद बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत किट वितरित की और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण होने वाली परेशानियों के साथ गांव में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था न होने की समस्या भी विधायक के सामने रखी।
ग्रामीणों ने लंबे समय से गांव में सोलर लाइट लगाए जाने की मांग की। इस पर विधायक ने बताया कि क्षेत्र में 500 सोलर लाइट की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द सोलर लाइट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को रात में आवागमन में सुविधा मिल सके।
बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया स्थलीय निरीक्षण।
विधायक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेश गुप्ता समेत करनैलगंज तहसील क्षेत्र के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। राहत किट मिलने और 500 सोलर लाइट के प्रस्ताव की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया।
जनता के बीच पहुंचे विधायक बांटी राहत सामग्री सुनी फरियाद।