लखनऊ :
रोडवेज बसो में दिव्यांगजनों के लिए ETIM मशीन से मुफ्त टिकट की नई सुविधा।।
QR कोड स्कैन करते ही जारी होगा शून्य मूल्य का टिकट।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में दिव्यांगजनों की निःशुल्क यात्रा को अब और आसान एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है। परिवहन निगम की ETIM मशीनों में दिव्यांग यात्रियों के लिए निःशुल्क टिकट जारी करने की नई सुविधा विकसित की गई है।
विस्तार :
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत परिचालक दिव्यांगजन के UDID कार्ड पर दर्ज QR कोड को ETIM मशीन से स्कैन करेगा। QR कोड स्कैन होते ही यात्री का आवश्यक विवरण मशीन की स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा और निर्धारित पात्रता के अनुसार निःशुल्क टिकट स्वतः जारी किया जा सकेगा।
40 से 80 प्रतिशत दिव्यांगता पर एक, 80 प्रतिशत से अधिक पर दो मुफ्त टिकट
नई व्यवस्था के अनुसार 40 से 80 प्रतिशत तक दिव्यांगता होने पर एक निःशुल्क टिकट तथा 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता होने पर दो निःशुल्क टिकट जारी किए जाएंगे।
इसके लिए परिचालक पहले यात्री का Boarding और Alighting स्टॉपेज ETIM मशीन में दर्ज करेगा। इसके बाद 'दिव्यांगजन' विकल्प का चयन कर UDID कार्ड के QR कोड को स्कैन किया जाएगा।
QR कोड स्कैन होने पर मशीन में UDID नंबर, नाम, जन्मतिथि, दिव्यांगता का प्रकार, दिव्यांगता प्रतिशत और मास्क्ड आधार नंबर जैसी जानकारी प्रदर्शित होगी। विवरण का सत्यापन करने के बाद परिचालक 'Confirm' बटन दबाएगा और मशीन से शून्य मूल्य (₹0) का निःशुल्क टिकट जारी हो जाएगा।
टिकट का वास्तविक मूल्य निगम की गणना में रहेगा शामिल
परिवहन मंत्री के अनुसार दिव्यांगजन को जारी किए गए शून्य मूल्य के टिकट का वास्तविक मूल्य संबंधित परिचालक और बस सेवा के लोड फैक्टर एवं प्रतिफलों की गणना में शामिल रहेगा। वहीं एएफसी पोर्टल पर दिव्यांग यात्रियों की यात्रा रिपोर्ट अलग से उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि यदि किसी कारण से दिव्यांगजन के UDID कार्ड का QR कोड स्कैन नहीं हो पाता है तो ऐसी स्थिति में पूर्व की व्यवस्था के अनुसार दिव्यांगजन को निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी।
नई सुविधा से दिव्यांग यात्रियों को टिकट के लिए होने वाली परेशानी कम होगी और निःशुल्क यात्रा व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ-साथ डिजिटल निगरानी भी मजबूत होगी।।
