गुरुवार, 24 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक तैयारियों को अंतिम रूप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक तैयारियों को अंतिम रूप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी ने एक्सपो मार्ट में की संयुक्त समीक्षा बैठक, वीवीआईपी मूवमेंट और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, अग्निशमन, स्वास्थ्य और वीवीआईपी मूवमेंट समेत तमाम व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

इसी क्रम में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने गुरुवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। इससे पहले जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय तथा वीवीआईपी एवं हेलीपैड से जुड़ी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए।

उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने तथा निर्धारित रूट पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों का व्यवस्थित संचालन कराया जाए और कार्यक्रम स्थल के आसपास किसी भी स्थिति में अनावश्यक जाम या अव्यवस्था न होने पाए। प्रवेश और निकास मार्गों के साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस और यातायात कर्मियों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा। साथ ही किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

वहीं, जिलाधिकारी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और गंभीरता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां कार्यक्रम शुरू होने से पहले हर स्तर पर जांच ली जाएं।

अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अग्निशमन विभाग को सभी उपकरणों और व्यवस्थाओं का परीक्षण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। आयोजन में उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ आवश्यक वैकल्पिक एवं बैकअप व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

इसके अलावा हेलीपैड और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं के तहत चिकित्सा टीमों और एंबुलेंस की उपलब्धता, जबकि नगर व्यवस्था के तहत साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित आगंतुकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आयोजन के दौरान कर्मचारी अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं का अंतिम स्तर पर निरीक्षण और परीक्षण कर लें। यदि कहीं कोई कमी सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात और आगंतुक सुविधाओं को लेकर किसी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना विकास प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।