मऊ :
CM योगी की एडिटेड फोटो सोशल मीडिया वायरल होने पर इंस्टाग्राम यूजर पर FIR दर्ज।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक कथित एडिटेड और भ्रामक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम के एक हैंडल से शेयर की गई तस्वीर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के पैर छूते हुए दिखाया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दोहरीघाट थाने के उपनिरीक्षक महादेव गुप्ता क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि 'लाला राव जी' नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से मुख्यमंत्री की कथित फर्जी एवं एडिटेड तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की भ्रामक सामग्री के प्रसार से लोगों के बीच गलत संदेश जाने के साथ ही राजनीतिक विवाद और आपसी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की।
उपनिरीक्षक महादेव गुप्ता की तहरीर पर गुरुवार शाम दोहरीघाट पुलिस ने अज्ञात इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अब वायरल पोस्ट, संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस संबंधित इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास में जुटी है। पोस्ट के स्रोत और उसे प्रसारित करने वाले डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
सीओ ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सामग्री प्रसारित कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तस्वीर या पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करने की अपील की है।
