गोण्डा- जिले के तरबगंज में आशा एवं आशा संगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट से विधायक आवास तक रैली निकालकर इन सभी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इसके बाद यूपी सीएम को संबोधित ज्ञापन विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से आशा एवं आशा संगिनियों ने न्यूनतम 26 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किए जाने की मांग की। इनका कहना है कि खतरनाक कोरोना काल के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
आशा कार्यकर्ताओं ने उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने के साथ ही ईपीएफ, ईएसआई और पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
