गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, प्रवीन रंजन सिंह को यातायात की कमान!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक आवश्यकताओं के दृष्टिगत पुलिस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर किए गए इस फेरबदल के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार प्रवीन रंजन सिंह को पूर्व में सौंपे गए दायित्वों के साथ-साथ पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) यातायात की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। अब यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी भी उनके अधीन रहेगी।
वहीं श्रीमती प्रीति यादव को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच उनकी नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साइबर सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी, साइबर अपराध की रोकथाम और पुलिस की तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में यह दायित्व अहम रहेगा।
इसके अलावा अभय कुमार मिश्र, जो अब तक प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें स्थानांतरित कर अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), ग्रेटर नोएडा जोन बनाया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण प्रशासनिक आवश्यकताओं के दृष्टिगत किए गए हैं। अधिकारियों की नई तैनाती के बाद यातायात व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और ग्रेटर नोएडा जोन की पुलिसिंग में जिम्मेदारियों का नया स्वरूप देखने को मिलेगा।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।।
