गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को अवैध तमंचे के साथ दबोचा, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना जारचा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के जरिए कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को थाना जारचा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान लोकल इंटेलिजेंस से मिली सूचना और बीट पुलिसिंग के आधार पर ग्राम दादूपुर से सलारपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उमेश शर्मा पुत्र देवीराम शर्मा, निवासी ग्राम रानौली लतीफपुर, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना जारचा का हिस्ट्रीशीटर है।
पहले भी कई मुकदमों में दर्ज रहा नाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार उमेश शर्मा के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार, एनडीपीएस एक्ट और गुंडा अधिनियम समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से लेकर 2025 तक कुल 10 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इनमें थाना जारचा में आयुध अधिनियम के कई मामले, वर्ष 2016 में धारा 392/411 भादवि के तहत लूट से संबंधित मामला, थाना बादलपुर में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा तथा वर्ष 2015 में धारा 323/504/307 भादवि के तहत मुकदमा शामिल है। इसके अलावा वर्ष 2021, 2024 और 2025 में भी थाना जारचा में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हुए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बरामद अवैध हथियार के संबंध में संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।।
