गौतमबुद्धनगर: ई-रिक्शों को निशाना बनाकर बैट्री चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, पांच बैट्रियां और दो चाकू बरामद!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने ई-रिक्शों से बैट्री चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पांच बैट्रियां, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एनसीआर क्षेत्र में घूमकर ई-रिक्शों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शों से बैट्री चोरी कर लेते थे। चोरी की बैट्रियों को बाद में कबाड़ का काम करने वाले लोगों और ई-रिक्शा चालकों को सस्ते दामों पर बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से सेक्टर-113 पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को एफएनजी सर्विस रोड, एफएनजी तिराहा के पास, सेक्टर-115 नोएडा से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विक्की कुमार (19) पुत्र विकास साहू, निवासी ग्राम सोरखा, सेक्टर-115 नोएडा, मूल निवासी मधुबनी, बिहार और सुमित (22) पुत्र प्रेमलडैते, निवासी ग्राम सोरखा, सेक्टर-115 नोएडा, मूल निवासी हरदोई के रूप में हुई है।
पूछताछ में चोरी का तरीका आया सामने
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एनसीआर क्षेत्र में घूमकर ई-रिक्शों की रेकी करते थे। सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शों को निशाना बनाकर उनकी बैट्रियां चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी की बैट्रियों को फेरी करने वाले कबाड़ियों और ई-रिक्शा चालकों को कम कीमत पर बेच देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ईस्टमैन प्रीमियम प्लस कंपनी की चोरी की पांच बैट्रियां, दो अवैध चाकू तथा वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा संख्या UP16NT0189 बरामद किया है।
आर्म्स एक्ट समेत मुकदमा दर्ज
सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 431/2026, धारा 317(5) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से यह भी जानकारी जुटा रही है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी की बैटरियां किन लोगों को बेची गई हैं।।
