गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, अशोक भाटी के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू; राकेश टिकैत ने भरी आंदोलन की हुंकार!!
दो टूक//नोएडा, 14 सितंबर 2026। किसानों की वर्षों से लंबित समस्याओं और मांगों के समाधान को लेकर सोमवार को नोएडा में किसानों ने बड़ा आंदोलन खड़ा कर दिया। भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बुग्गियों और भैंसा-बुग्गियों के विशाल काफिले के साथ सलारपुर शिव मंदिर से सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन होते हुए नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। किसानों के इस शक्ति प्रदर्शन से प्राधिकरण परिसर में माहौल पूरी तरह आंदोलनमय हो गया।
नोएडा प्राधिकरण पहुंचने के बाद किसानों की ओर से विशाल किसान पंचायत आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता चौधरी ओमन भाटी ने की, जबकि संचालन महेश खटाना ने किया। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत पंचायत में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सीईओ की गैरमौजूदगी से भड़का किसानों का आक्रोश
किसानों की समस्याओं को लेकर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ वार्ता प्रस्तावित थी, लेकिन प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश की अनुपस्थिति के कारण किसानों की वार्ता नहीं हो सकी। इससे किसान नेताओं और आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ गई। किसानों ने साफ कर दिया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस निर्णय लेना होगा।
वार्ता नहीं होने के बाद किसानों ने नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों ने ऐलान किया कि जब तक उनकी लंबित समस्याओं पर गंभीरता से वार्ता कर समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना जारी रहेगा।
अशोक भाटी बोले- किसान अपनी जमीन देकर विकास में भागीदार बने, अब अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे
भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने आंदोलन की कमान संभालते हुए किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि नोएडा की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के बावजूद वर्ष 1976 से किसानों से जुड़ी अनेक समस्याएं आज भी लंबित हैं। किसान अपनी जमीन देकर नोएडा के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार बने, लेकिन उनके अधिकारों और जायज मांगों का समाधान आज तक पूरी तरह नहीं हो पाया है।
अशोक भाटी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि किसानों को हल्के में लेने की भूल न की जाए। किसान अब अपने अधिकारों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो गौतमबुद्ध नगर की धरती से एक बड़े किसान आंदोलन की शुरुआत की जाएगी, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देगी।
किसानों की एकजुटता ने दिखाया आंदोलन का दम
अशोक भाटी के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बुग्गियों और भैंसा-बुग्गियों के साथ आंदोलन में पहुंचे। किसानों की भारी मौजूदगी ने उनकी एकजुटता और अपने अधिकारों के लिए लंबे संघर्ष की तैयारी का संदेश दिया। किसान नेताओं ने कहा कि वर्षों से लंबित मांगों का समाधान अब प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
धरने पर बैठे किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्राधिकरण किसानों के साथ गंभीरता से वार्ता कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, परविंदर अवाना, श्रीपाल कसाना, सुखवीर प्रधान, सुभाष नेताजी, रविंद्र भगत, नीतिराज चौधरी, विपिन तंवर, कृपाल भगत, सिंहराज गुर्जर, मनोज त्यागी, राजेश सिंह, सुंदर बाबा, संदीप अवाना, अनिल खारी, भरत यादव, अनिल अवाना, अमित अवाना, संजय अम्बावता, रविंद्र भाटी, प्रदीप भाटी, सचिन अवाना, जगत अवाना सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।।
