गौतमबुद्धनगर: महर्षि यूनिवर्सिटी में ‘हनुमान अंश’ की टीम से रूबरू हुए छात्र, फिल्म निर्माण से आध्यात्मिक अनुभव तक हुई खास चर्चा!!
डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी और लीड एक्टर शोभिनाव सत्या ने साझा किए फिल्म निर्माण और शूटिंग के अनुभव
दो टूक//नोएडा। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा कैंपस में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम के साथ विद्यार्थियों के लिए विशेष इंटरैक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक एवं लेखक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और फिल्म के लीड एक्टर शोभिनाव सत्या ने विद्यार्थियों के साथ फिल्म निर्माण, अभिनय, शूटिंग के दौरान आई चुनौतियों और फिल्म से जुड़े आध्यात्मिक अनुभव साझा किए। इस दौरान विद्यार्थियों को फिल्म इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत फिल्म की टीम के सदस्यों के स्वागत और सम्मान के साथ हुई। विश्वविद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। इसके बाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने फिल्म के गीतों पर शानदार संगीत प्रस्तुति देकर माहौल को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘The Journey Behind Hanuman Ansh’ विषय पर आयोजित पैनल डिस्कशन रहा। इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर और राइटर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों से अपनी फिल्मी यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह मेडिकल क्षेत्र से फिल्म निर्माण की दुनिया में उनका सफर शुरू हुआ और किस सोच के साथ उन्होंने ‘हनुमान अंश’ की कहानी को पर्दे पर उतारने का प्रयास किया। उन्होंने आध्यात्मिक विषय पर फिल्म बनाने की जिम्मेदारी, रचनात्मक चुनौतियों और पूरी टीम के साथ काम करने के अनुभवों पर भी विस्तार से चर्चा की।
वहीं फिल्म के लीड एक्टर शोभिनाव सत्या ने अभिनय और शूटिंग से जुड़े अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म में भगवान हनुमान जी से जुड़े किरदारों और दृश्यों को निभाते समय उन्हें भावनात्मक एवं आध्यात्मिक स्तर पर एक अलग तरह का जुड़ाव महसूस हुआ। उन्होंने किरदार की तैयारी, अभिनय की बारीकियों और शूटिंग के दौरान सामने आए विभिन्न अनुभवों के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया।
पैनल डिस्कशन के दौरान फिल्म निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई। फिल्म टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी फिल्म की सफलता के लिए केवल कैमरे के सामने बेहतर प्रदर्शन करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगातार तैयारी, अनुशासन, टीमवर्क, भावनाओं की समझ और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। छात्रों ने एक्टिंग, डायरेक्शन, फिल्म इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं, आध्यात्मिक विषयों पर फिल्म निर्माण और मनोरंजन जगत में आने वाली चुनौतियों से जुड़े कई सवाल पूछे। फिल्म की टीम ने अपने अनुभवों के आधार पर विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें रचनात्मक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अपने अनुभवों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान फिल्म टीम की ओर से बताया गया कि ‘हनुमान अंश’ ने 52 दिनों में दुनिया भर में ₹400 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार किया है। फिल्म का गीत ‘पार्वती’ भी YouTube के ग्लोबल चार्ट में प्रमुख गीतों में शामिल रहा है।
इस अवसर पर श्री राजीव अरोड़ा, मुख्य वित्त अधिकारी श्री वरुण श्रीवास्तव, डीन एकेडमिक्स, डिप्टी रजिस्ट्रार, सीनियर एडमिन ऑफिसर सहित विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महर्षि यूनिवर्सिटी में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए फिल्म इंडस्ट्री को करीब से समझने और फिल्म निर्माण के वास्तविक अनुभवों को जानने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मकता, अभिनय, फिल्म निर्माण के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़े विषयों को समझने का अवसर भी मिला।।
