गौतमबुद्धनगर: तीन दिन में 1003 बसों की सघन चेकिंग, 67 के चालान; सुरक्षा मानकों की जांच में यातायात पुलिस ने कसा शिकंजा!!
दो टूक//नोएडा। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने के लिए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बसों की सघन चेकिंग की। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के दौरान 1003 बसों की जांच की गई, जबकि नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर 67 बसों के चालान किए गए।
यातायात पुलिस की ओर से यह विशेष अभियान 27 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक चलाया गया। अभियान के दौरान बसों की केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित जांच नहीं की गई, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों को भी बारीकी से परखा गया।
चेकिंग के दौरान बस चालकों का ड्रंक एंड ड्राइव परीक्षण किया गया। इसके अलावा बसों में मौजूद इमरजेंसी एग्जिट, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, पर्दे अथवा ब्लैक फिल्म तथा फायर सेफ्टी उपकरणों की भी जांच की गई। जिन बसों में सुरक्षा संबंधी कमियां अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान बस चालकों और परिचालकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा उपकरणों का प्रभावी इस्तेमाल करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस का कहना है कि बसों में सुरक्षा मानकों का पालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए आगे भी इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान जारी रखे जाएंगे, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सार्वजनिक परिवहन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)