रविवार, 27 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: यूपी ट्रेड शो में शामली के उत्पादों की धूम, विदेशी कारोबारियों को भा रही कैराना की मिठास!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यूपी ट्रेड शो में शामली के उत्पादों की धूम, विदेशी कारोबारियों को भा रही कैराना की मिठास!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जनपद ने ट्रेड शो में भागीदारी का लक्ष्य किया शत-प्रतिशत पूरा, 10 कंपनियां सजा रहीं अपने उत्पादों के स्टॉल

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शामली जनपद के उत्पादों ने अपनी खास पहचान बनाई है। जनपद से 10 कंपनियां ट्रेड शो में हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 10 वर्षों से अधिक समय से निर्यात के क्षेत्र में सक्रिय करियर व्हीलस प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है। ट्रेड शो में इन कंपनियों के उत्पादों को विदेशी व्यापारियों और खरीदारों की ओर से लगातार अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं, कैराना की पारंपरिक मिठाइयां भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

शामली ने निर्धारित लक्ष्य किया शत-प्रतिशत पूरा

यूपी ट्रेड शो में शामली जनपद की ओर से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है। जनपद की ओर से करियर व्हीलस प्राइवेट लिमिटेड, अमर स्प्लिंट्स प्राइवेट लिमिटेड, बेजरिका प्राइवेट लिमिटेड, कैरा डाइम हेल्थ केयर एलएलपी, आरव एग्रो फूड्स, श्री आयुर्वेदिक संस्थान और अंकित हैंडलूम सहित अन्य इकाइयां अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रही हैं।

इसके अलावा एक जनपद, एक उत्पाद (ODOP) के तहत कैराना की प्रसिद्ध मिठाइयों को भी ट्रेड शो में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स के स्टॉल पर खरीदारों और दर्शकों की लगातार भीड़ देखने को मिल रही है। रिटेल बिक्री के लिहाज से भी दोनों प्रतिष्ठानों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

पलंग तोड़ पेड़ा और बर्फी बनी विदेशी मेहमानों की पसंद

कैराना की साधु स्वीट्स की मिठाइयां ट्रेड शो में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। साधु स्वीट्स के मालिक राकेश गर्ग ने बताया कि ट्रेड शो के पहले दिन से ही उनके स्टॉल पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ उमड़ रही है। स्टॉल पर विभिन्न प्रकार की मिठाइयां उपलब्ध हैं, लेकिन पलंग तोड़ बर्फी और पलंग तोड़ पेड़ा लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं।

उन्होंने बताया कि यूपी सरकार की ओर से आयोजित यह ट्रेड शो स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। यहां आने वाले विदेशी मेहमान भी कैराना की मिठाइयों का स्वाद ले रहे हैं और इनके बारे में जानकारी ले रहे हैं।

राकेश गर्ग के मुताबिक, ट्रेड शो में वियतनाम, रूस, बेलारूस और ऑस्ट्रिया समेत विभिन्न देशों से आए विदेशी व्यापारी भारतीय मिठाइयों और स्थानीय उत्पादों में रुचि दिखा रहे हैं। इससे शामली के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने और नए कारोबारी अवसर पैदा होने की उम्मीद बढ़ी है।

ट्रेड शो के माध्यम से शामली की औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ कैराना की पारंपरिक मिठाइयों को भी वैश्विक मंच मिला है। विदेशी कारोबारियों की बढ़ती दिलचस्पी से स्थानीय उद्यमियों में उत्साह है और उन्हें अपने उत्पादों के विस्तार के लिए नए बाजार मिलने की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं।।