सुल्तानपुर :
अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में सुलतानपुर की कवयित्री डॉ.सुनीता श्रीवास्तव सम्मानित।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद की वरिष्ठ कवयित्री एवं प्राथमिक विद्यालय तमेहड़ी की प्रधानाध्यापिका डॉ. सुनीता श्रीवास्तव को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में ‘सावित्रीबाई फुले ग्लोबल सुपर-30 शिक्षा उत्कृष्टता एवं प्रेरणा सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
दो टूक : हैदराबाद विश्वविद्यालय के भारतीय प्रवासी अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में गोपाल किरन समाजसेवी संस्था, एसआरएम विश्वविद्यालय दिल्ली-एनसीआर सोनीपत के सहयोग तथा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद समर्थित शोध परियोजना के अंतर्गत 18 सितंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में डॉ. सुनीता श्रीवास्तव को अंगवस्त्र, पुष्पपत्रम् और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विस्तार : कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. बीआर अंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, हैदराबाद के शिक्षा विभाग की प्रमुख प्रो. जी. मेरी सुनंदा ने की। मुख्य अतिथि हैदराबाद विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विद्यालय की अधिष्ठाता के. सुनीता रानी सहित देश-विदेश से आए साहित्यकारों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों की मौजूदगी में यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. सुनीता श्रीवास्तव साहित्य के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उनकी रचनाएं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती हैं और वह देश-विदेश की कई साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित हो चुकी हैं। उनकी सरल और कविहृदय व्यक्तित्व के चलते साहित्यिक जगत में उन्हें स्नेहपूर्वक ‘कवि दीदी’ के नाम से भी संबोधित किया जाता है।
डॉ. सुनीता श्रीवास्तव की इस उपलब्धि पर जनपद के शिक्षाविदों, साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
