गौतमबुद्धनगर: जिला कोषागार पहुंचे जिलाधिकारी, पेंशनरों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 30 सितंबर 2026। जिलाधिकारी ने बुधवार को जिला कोषागार का निरीक्षण कर वहां पेंशनरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पेंशन संबंधी कार्यों और कोषागार की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता ने जिलाधिकारी को कोषागार की कार्यप्रणाली और पेंशनरों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले पेंशनर हेल्प डेस्क और पेंशनर लाउंज का निरीक्षण किया। उन्होंने पेंशनरों के लिए उपलब्ध एसी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पेंशन संबंधी कार्यों के निस्तारण, अभिलेखों के रख-रखाव और पेंशनरों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति भी देखी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशनरों को अपने कार्यों के लिए किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पेंशनर सहायता पटल पर आने वाले लोगों को सुविधाजनक, व्यवस्थित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कोषागार के डबल लॉक का निरीक्षण किया और उसकी सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों के सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही कोषागार में संचालित विभिन्न वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके अलावा शौचालय, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी देखी गई। निरीक्षण में पेंशनर सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, अग्निशमन और स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोषागार में आने वाले पेंशनरों एवं अन्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ वित्तीय अभिलेखों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।
