बुधवार, 30 सितंबर 2026

लखनऊ :वन स्टाप सेंटर में किशोरियों को महिला सुरक्षा और कल्याण योजनाओं की दी जानकारी।।||Lucknow:Adolescent girls were informed about women's safety and welfare schemes at the One Stop Centre.||

शेयर करें:
लखनऊ :
वन स्टाप सेंटर में किशोरियों को महिला सुरक्षा और कल्याण योजनाओं की दी जानकारी।।
।।जे -बी सिंह।।
दो टूक : जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में विज्ञान फाउंडेशन (गैर सरकारी संगठन) द्वारा जानकीपुरम एवं मड़ियांव क्षेत्र की किशोरियों का बुधवार को वन स्टॉप सेंटर यूनिट-1, आशियाना में एक्सपोजर विजिट कराया गया। इस दौरान किशोरियों को महिला कल्याण योजनाओं, महिला सुरक्षा सेवाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
विस्तार : एक्सपोजर विजिट के दौरान मनोसामाजिक परामर्शदाता सोनल श्रीवास्तव ने किशोरियों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, यूपी मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19), मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) और पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला अनुदान योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं। पात्र लाभार्थियों को जन सेवा केंद्र अथवा संबंधित कैंप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई गई।
किशोरियों को घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर पर उपलब्ध रेस्क्यू, काउंसलिंग, अल्पावास गृह, महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी, चिकित्सकीय एवं विधिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।
सेंटर मैनेजर अर्चना सिंह ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों से अवगत कराया। वहीं महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी की चौकी प्रभारी शालिनी सोनकर ने महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान किशोरियों को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस सहायता, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस, 102 स्वास्थ्य सेवा और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई।