रविवार, 13 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी, पैकेजिंग पर एक्सपायरी डेट न मिलने का आरोप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी, पैकेजिंग पर एक्सपायरी डेट न मिलने का आरोप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ‘काला’ रेस्टोरेंट में कॉफी पीने के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कॉफी पीने के कुछ ही देर बाद उसे उल्टी और तेज बुखार की शिकायत होने लगी। मामले के बाद रेस्टोरेंट में परोसी जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और पैकेजिंग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़ित के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद उसने रेस्टोरेंट प्रबंधन से कॉफी के पाउच की जानकारी मांगी। आरोप है कि पाउच पर मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दी, जिसके बाद उसने मामले को लेकर रेस्टोरेंट प्रबंधन से सवाल किए।

पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के दौरान रेस्टोरेंट मैनेजर आशुतोष ने अपेक्षित सहयोग करने के बजाय उसके साथ बदसलूकी की। घटना को लेकर पीड़ित ने खाद्य सुरक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर रेस्टोरेंट में इस्तेमाल की जा रही कॉफी एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

मामले के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों और ग्राहकों को परोसी जाने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पीड़ित ने अधिकारियों से मांग की है कि रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों के भंडारण, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता की जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

हालांकि, कॉफी पीने से ही युवक की तबीयत बिगड़ी या नहीं तथा पैकेजिंग पर निर्धारित विवरण मौजूद था या नहीं, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित विभाग की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।।