रविवार, 13 सितंबर 2026

दुखद खबर: राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन, आज नोएडा में होगा अंतिम संस्कार!!

शेयर करें:

दुखद खबर: राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन, आज नोएडा में होगा अंतिम संस्कार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल पंडित कलराज मिश्र की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा का बीती रात नोएडा में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। श्रीमती सत्यवती मिश्रा ने नोएडा स्थित मेट्रो अस्पताल में अंतिम सांस ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती सत्यवती मिश्रा का पार्थिव शरीर आज सेक्टर-51 स्थित आवास पर रखा जाएगा, जहां से दोपहर करीब 1 बजे अंतिम यात्रा निकलेगी। अंतिम यात्रा लगभग 1:30 बजे नोएडा के सेक्टर-94 स्थित श्मशान घाट पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मेट्रो अस्पताल में चल रहा था उपचार

श्रीमती सत्यवती मिश्रा की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें नोएडा के मेट्रो अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के दौरान बीती रात उनका निधन हो गया।

उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया। लोगों ने पंडित कलराज मिश्र और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक

श्रीमती सत्यवती मिश्रा के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

कलराज मिश्र का रहा है लंबा राजनीतिक सफर

पंडित कलराज मिश्र भारतीय राजनीति के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वे केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के राज्यपाल के रूप में भी महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व संभाला है।

श्रीमती सत्यवती मिश्रा के निधन से परिवार और उनके शुभचिंतकों में गहरा शोक है। आज नोएडा के सेक्टर-94 स्थित श्मशान घाट पर होने वाले अंतिम संस्कार में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है।।