रविवार, 13 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: हाजीपुर में धूमधाम से मनाई गई सम्राट मिहिर भोज जयंती, समाज की एकता और शिक्षा पर दिया जोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हाजीपुर में धूमधाम से मनाई गई सम्राट मिहिर भोज जयंती, समाज की एकता और शिक्षा पर दिया जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 13 सितंबर 2026। सेक्टर-104 स्थित ग्राम हाजीपुर में रविवार को गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जयंती समारोह का आयोजन गौरव, श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रामकेश चपराना द्वारा किया गया। समारोह में समाज के लोगों ने सम्राट मिहिर भोज के गौरवशाली इतिहास और उनके शौर्य को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. यशवीर सिंह ने की, जबकि संचालन अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव चौधरी जयप्रकाश छाबड़ी तथा अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी मौजूद रहे।

इसके अलावा पूर्व विधायक सतवीर गुर्जर, देवेंद्र पटेल, जयप्रकाश विकल, राजकुमार चौधरी और ओमप्रकाश कराहना सहित समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

सम्राट मिहिर भोज के इतिहास से प्रेरणा लेने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज भारतीय इतिहास के महान और शक्तिशाली शासकों में शामिल रहे हैं। उनका गौरवशाली इतिहास समाज को एकता, साहस, स्वाभिमान और संगठन की प्रेरणा देता है। वक्ताओं ने कहा कि समाज के महापुरुषों के संघर्ष और वीरता की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती के लिए शिक्षा और संगठन सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। समाज में शिक्षा की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने युवाओं को उच्च शिक्षा की ओर बढ़ने तथा समाज को संगठित और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग

समारोह में वक्ताओं ने सामाजिक एवं शैक्षिक पिछड़ेपन से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू करने तथा डीएनटी (विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतू जनजातियों) से संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि समाज की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने के लिए आपसी एकजुटता बेहद जरूरी है। समाज के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर शिक्षा, रोजगार और संगठन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में काम करना चाहिए।

पटेल जयंती कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान आगामी 27 अक्टूबर को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित पटेल जयंती कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोगों से पहुंचने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के महापुरुषों के विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत किया जा सकता है।

समारोह के अंत में उपस्थित समाजबंधुओं ने सम्राट मिहिर भोज के आदर्शों और उनके गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए समाज में एकता, शिक्षा और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर ब्रजवीर प्रमुख एडवोकेट, धर्मवीर सिंह एडवोकेट, रघुराज अवाना एडवोकेट, रामकेश चपराना, बी.सी. प्रधान, विपिन तंवर, बेगराज गुर्जर, पंकज मावी, राजपाल चपराना, सूबेदार परशुराम, अरुण भाटी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।।