अम्बेडकरनगर :
मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा,शिक्षकों ने बढाया उत्साह।
प्रतियोगिता में अनामिका अव्वल,3 विद्यार्थी जिला स्तर के लिए चयनित ।
।।पूनम तिवारी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के शिक्षा क्षेत्र कटेहरी में सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर में ब्लॉक स्तरीय ‘मेरे सपनों का भारत’ वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विकासखंड कटेहरी के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमे छात्रा अनामिका ने बाजी मारी और तीन विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में तीन विद्यार्थी चयनित हुए।
विस्तार :
मंगलवार को जनपद के कटेहरी विकास क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत ब्लॉक स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जहाँ छात्रों ने अपनी प्रतिभा कौशल दिखाया।
आयोजित वाद-विवाद में विद्यार्थियों ने भारत के उज्ज्वल एवं विकसित भविष्य को लेकर अपने विचार रखे, जबकि चित्रकला के माध्यम से अपने सपनों के भारत की रचनात्मक तस्वीर प्रस्तुत की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीन विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर की अनामिका ने प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुड़िया चितौना की आयशा ने द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय पहितीपुर के राघव ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी प्रिया पाठक ने की। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलने से उनमें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे विषय बच्चों को देश के भविष्य के बारे में सोचने और अपनी कल्पनाओं को शब्दों व रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर देते हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की रुचि एवं प्रतिभा पहचानकर उन्हें शैक्षिक और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित अनामिका, आयशा और राघव को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विकासखंड के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
●मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, अनामिका प्रथम, आयशा द्वितीय और राघव तृतीय स्थान लाकर नाम रोशन किया।
