लखनऊ :
किशोरियों को वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं व महिला कल्याण योजनाओं की दी जानकारी।।
।।जे-बी सिंह।।
दो टूक : लखनऊ जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में विज्ञान फाउंडेशन द्वारा अहमदपुर की किशोरियों का वन स्टॉप सेंटर यूनिट-1, आशियाना में एक्सपोजर विजिट कराया गया। इस दौरान किशोरियों को सेंटर की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा, अधिकारों और शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
विस्तार :
मनोसामाजिक परामर्शदाता सोनल श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19 एवं सामान्य) तथा पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला अनुदान योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थी जन सेवा केंद्र अथवा कैंप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
किशोरियों को घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध रेस्क्यू, काउंसलिंग, अल्पावास गृह, महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी, चिकित्सकीय एवं विधिक सहायता जैसी सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।
सेंटर मैनेजर अर्चना सिंह ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों और महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन की जानकारी दी। किशोरियों को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस सहायता, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस, 102 स्वास्थ्य सेवा और 1098 चाइल्डलाइन के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी की चौकी प्रभारी शालिनी सोनकर भी मौजूद रहीं। एक्सपोजर विजिट के माध्यम से किशोरियों को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा सरकारी सहायता एवं संरक्षण से जुड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
