मंगलवार, 29 सितंबर 2026

सुल्तानपुर :प्रधानाध्यापक दंपती की धारदार हथियार से हत्या,शिक्षकों मे भारी आक्रोश।||Sultanpur:A couple of headmasters were murdered with sharp weapons, sparking widespread anger among teachers.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर :
प्रधानाध्यापक दंपती की धारदार हथियार से हत्या,शिक्षकों मे भारी आक्रोश।
कादीपुर के कुंभी डड़िया गांव में वारदात से सनसनी,48 घंटे में खुलासे का अल्टीमेटम।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में सोमवार देर रात प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह दोनों के रक्तरंजित शव निजी विद्यालय परिसर में अलग-अलग स्थानों पर मिलने से सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सुबह करीब सात बजे स्कूल की चाबी लेने पहुंचे चालक ने परिसर में शव पड़े देखे। सूचना पर एसपी विनीत जायसवाल, सीओ कादीपुर विनय गौतम समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद किए जाने की जानकारी है। एसओजी, सर्विलांस सेल और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
विस्तार :
मंगलवार सुबह थाना कादीपुर के कुंभी डड़िया गांव के एक विद्यालय में अध्यापक दम्पति की निर्मम हत्याकांड से इलाके मे सनसनी फैल गई। दोहरे हत्याकांड से पुलिस महकमे मे हड़कंप मच गया स्थानीय पुलिस समेत आलाधिकारी मौके पर पहुचकर छानबीन मे जुट गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले विनीता सिंह की विद्यालय के एक कमरे में हत्या की गई। इसके बाद जान बचाकर करीब 150 मीटर दूर भागे मुकेश सिंह को भी हमलावरों ने घेर लिया और उनकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने अभी घटना की वजह या हमलावरों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खुनहट में प्रधानाध्यापक होने के साथ प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतीगरपुर के अध्यक्ष बताए जाते हैं। वह शिक्षक संघ के चुनाव में भी प्रत्याशी थे। 30 सितंबर को प्रस्तावित चुनाव 28 सितंबर को स्थगित कर दिया गया था। हालांकि पुलिस ने फिलहाल हत्या को चुनाव से जोड़कर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
घटना की सूचना पर एडीजी प्रवीण, डीआईजी अयोध्या रेंज सोमेन वर्मा, पुलिस अधीक्षक समेत विधायक राजेश गौतम और शिक्षक संघ के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और दंपती के इकलौते पुत्र को घटना के शीघ्र राजफाश का भरोसा दिलाया। एसपी ने कहा कि वारदात में शामिल आरोपित किसी भी स्थिति में बच नहीं पाएंगे।
दंपती की हत्या से शिक्षकों में आक्रोश है। 
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस को 48 घंटे में घटना का राजफाश करने का अल्टीमेटम दिया है। पुलिस हत्या की वजह और आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।