मऊ :
हाईटेंशन तार हादसे को लेकर AIMIM ने DM से मृतकों के परिजनों को सहायता की मांग।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दक्षिणटोला क्षेत्र के इस्लामाबाद में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत और दो लोगों के घायल होने की घटना के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने मामले को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में हादसे की जांच कराकर पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की गई है।
AIMIM की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि इस्लामाबाद में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। संगठन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने तथा घायलों को भी पांच-पांच लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में घटना की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई है। साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइनों को सुरक्षित दृष्टि से व्यवस्थित करने, घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन एवं 440 वोल्ट की विद्युत लाइनों को हटाने तथा ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था एवं जाली लगाने की मांग उठाई गई है।
AIMIM ने चेतावनी दी कि विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा व्यवस्था समय रहते दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। संगठन ने जिलाधिकारी से ज्ञापन में दर्ज मांगों पर तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
