अल फलाह फाउंडेशन के 7 वें स्थापना दिवस पर हुआ सम्मान समारोह
कहकशां परवीन की रिपोर्ट
दो टूक ,फूलपुर (आजमगढ़)। रोगियों को निशुल्क रक्त उपलब्ध कराने वाली संस्था अल फलाह फाउंडेशन (ब्लड डोनेट ग्रुप) का सातवां स्थापना दिवस ‘पैरेंट्स डे’ के रूप में धूमधाम से मनाया गया। आजमगढ़ शहर के तकिया स्थित जमजम हांडी होटल में आयोजित कार्यक्रम में संस्था के कार्यकर्ताओं और रक्तदाताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फूलपुर विधानसभा से राष्ट्रीय उलेमा कौंसिल के प्रत्याशी अबू शहमा माहुली और विशिष्ट अतिथि सभासद शहजाद कुरैशी रहे। इस दौरान अबू शहमा माहुली का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि अल फलाह का उद्देश्य केवल जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि ‘पैरेंट्स डे’ मनाने का उद्देश्य माता-पिता के सम्मान और सेवा का संदेश देना है। बच्चों से माता-पिता के प्रति होने वाली गलतियों में सुधार लाकर उनके सम्मान और सेवा-सत्कार की भावना को मजबूत करना जरूरी है।
सभासद शहजाद कुरैशी ने कहा कि दुनिया में माता-पिता से बढ़कर कुछ नहीं है। उन्होंने अल फलाह फाउंडेशन और संस्थापक जाकिर हुसैन के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था को और मजबूत बनाने की अपील की।
संस्थापक जाकिर हुसैन ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए रक्तदान और मानवता की सेवा के लिए लगातार समर्पित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले लोगों तथा संस्था के लिए लगातार योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जमील अहमद आजमी ने तथा संचालन रियाज अहमद और महफूज आजमी ने किया। आयोजन में शहर यूनिट के जिम्मेदार मुहम्मद आसिफ आजमी, मेराज कुरैशी, फारिस एडवोकेट, सद्दाम कुरैशी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुहम्मद अरमान के योगदान की भी सराहना की गई।
