बुधवार, 30 सितंबर 2026

लखनऊ :सिख सम्मेलन में गूंजी 9 मांगें, सरकार को अल्टीमेटम,चुनाव पर संगठन की नजर।।||Lucknow:Nine demands were raised at the Sikh convention, an ultimatum to the government, and the organization's focus on the elections.||

शेयर करें:
लखनऊ :
सिख सम्मेलन में गूंजी 9 मांगें, सरकार को अल्टीमेटम,चुनाव पर संगठन की नजर।।
दो टूक : शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय सिक्ख संगठन के तत्वावधान में लखनऊ में आयोजित सिक्ख सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के सिक्ख समाज से जुड़े 9 प्रमुख मुद्दे जोर-शोर से उठाए गए। संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर एक माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि तय समय में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रेस वार्ता कर आगे की रणनीति घोषित की जाएगी।
विस्तार : 
भारतीय सिक्ख संगठन के द्वारा बुधवार को लखनऊ के इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सिक्ख समाज सम्मेलन में विस्थापित परिवारों की भूमि व जंगलात भूमि संबंधी कैबिनेट आदेश में संशोधन, जट्ट सिक्ख समाज को OBC सूची में शामिल करने, पात्र सिक्खों के OBC प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया सरल करने तथा मुरादाबाद के गुरुद्वारा गागन साहिब से संबंधित कार्रवाई रोकने समेत कई मांगें सरकार के समक्ष रखी गईं।
संगठन ने हरिद्वार स्थित गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के पुनः सुशोभीकरण एवं धार्मिक स्थल के रूप में स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने, सरकारी विद्यालयों व महाविद्यालयों में पंजाबी को वैकल्पिक विषय के रूप में लागू करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में सिक्ख विद्यार्थियों के ककार उतारने की घटनाओं पर रोक लगाने की भी मांग की।
इसके अलावा लखनऊ में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने तथा तिकुनिया कांड में वाहन से कुचलकर घायल हुए किसानों के परिवारों को तय मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
●पांच विधानसभा सीटों पर राजनीतिक भागीदारी का ऐलान।
सम्मेलन में भारतीय सिक्ख संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह विर्क ने संगठन की राजनीतिक भागीदारी को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि संगठन उत्तर प्रदेश में सक्रिय राजनीतिक दलों के समक्ष पांच विधानसभा सीटों की मांग रखेगा। जिन दलों से टिकट को लेकर सहमति बनेगी, उनके चुनाव चिह्न पर संगठन अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने को लेकर बातचीत करेगा। एक माह में सहमति नहीं बनी तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
●कृषि राज्य मंत्री ने दिया सहयोग का आश्वासन।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख ने संगठन की मांगों पर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा कर समाधान की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के छोटे-बड़े कार्यों में वह समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार दिलप्रीत सिंह डीपी ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जीवन और इतिहास पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके विचारों को पढ़ने और देश-समाज की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
सम्मेलन में सरदार मान सिंह मान, नाज्जर सिंह हरिद्वार, जोधवीर सिंह बिजनौर, कुलविंदर सिंह अमरोहा, गुरदीप सिंह अलीगढ़, डॉ. गुरदीप सिंह गोंडा, अनोख सिंह बाराबंकी, परगट सिंह बहराइच, पाल सिंह लखीमपुर, गुरपाल सिंह सीतापुर, कैरनैल सिंह, बलकार सिंह हरदोई, रणवीर सिंह कलसी, गुरमीत रंधावा, सुरिंदर सिंह गिल पलिया, जगवंत सिंह शाहजहांपुर, रणजोध सिंह, लखविंदर सिंह, करतार सिंह रोजा और जसपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व समाज के लोग मौजूद रहे।