गौतमबुद्धनगर: नोएडा जिला अस्पताल की 8वीं मंजिल पर भरभराकर गिरी फॉल सीलिंग, आयुष्मान कार्ड बनने वाली जगह मचा हड़कंप!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल की 8वीं मंजिल पर लगी फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि जिस समय सीलिंग गिरी, वहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि फॉल सीलिंग गिरने की यह घटना आयुष्मान कार्ड बनाए जाने वाली जगह पर हुई है। हादसे के बाद अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अंतर्गत का है।
अस्पताल में फॉल सीलिंग की हालत लंबे समय से खराब बताई जा रही है। कई स्थानों पर सीलिंग के हिस्से नीचे की ओर लटकते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। 8वीं मंजिल पर हुई घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार पहुंचते हैं। ऐसे में यदि जर्जर फॉल सीलिंग समय रहते ठीक नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। कर्मचारियों और अस्पताल आने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए खराब पड़ी सीलिंग की तत्काल मरम्मत कराए जाने की जरूरत है।
अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इस घटना के बाद पूरे भवन में लगी फॉल सीलिंग की स्थिति की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करता है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाता है।।
