मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन सोसायटी में दर्दनाक हादसा, 21वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, मचा हड़कंप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन सोसायटी में दर्दनाक हादसा, 21वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, मचा हड़कंप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सोमवार शाम एक निर्माणाधीन सोसायटी में बड़ा हादसा हो गया। सोसायटी की 21वीं मंजिल पर काम कर रहा 42 वर्षीय मजदूर अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। हादसे में मजदूर को गंभीर चोटें आईं। साथी मजदूर आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान बिहार निवासी बैद्यनाथ (42) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ पिछले कई महीनों से यमुना सिटी क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन सोसायटी में मजदूरी कर रहा था। सोमवार को भी वह अन्य मजदूरों के साथ रोज की तरह निर्माण कार्य में जुटा था। दोपहर करीब 3 बजे सभी मजदूर 21वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बैद्यनाथ का संतुलन बिगड़ गया और वह काफी ऊंचाई से नीचे जा गिरा।

हादसा होते ही मौके पर मची अफरा-तफरी

ऊंचाई से गिरने के बाद बैद्यनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने बिना देर किए घायल बैद्यनाथ को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दनकौर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, परिवार को दी सूचना

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।

फिलहाल पुलिस निर्माण स्थल पर हुए हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मजदूर किस परिस्थिति में 21वीं मंजिल से नीचे गिरा और हादसे के पीछे क्या वजह रही, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। निर्माणाधीन सोसायटी में सुरक्षा मानकों को लेकर भी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।।