रविवार, 27 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: एटीएम कार्ड बदलकर और मशीन में फंसाकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 68 एटीएम कार्ड और चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एटीएम कार्ड बदलकर और मशीन में फंसाकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 68 एटीएम कार्ड और चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

रबूपुरा पुलिस ने किया खुलासा, कम जानकारी रखने वाले लोगों को बनाता था निशाना; पासवर्ड देखकर दूसरे एटीएम से निकालता था रकम

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना रबूपुरा पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर लोगों के खातों से रकम निकालने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 68 एटीएम कार्ड और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एटीएम पर कम जानकारी रखने वाले लोगों को अपना निशाना बनाता था और उनका पासवर्ड देखकर एटीएम कार्ड बदल देता था।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी आकाश कुमार पुत्र पंचानन्द को रबूपुरा-मिर्जापुर रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना रबूपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 के तहत धारा 318(4), 317(5) बीएनएस और 4/25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऐसे करता था एटीएम कार्ड की चोरी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एटीएम के अंदर ऐसे लोगों पर नजर रखता था, जिन्हें एटीएम इस्तेमाल करने की ज्यादा जानकारी नहीं होती थी। वह पहले उनका पासवर्ड देख लेता था और फिर अपना एटीएम कार्ड नीचे गिराकर उन्हें भ्रमित करता था। इसी दौरान वह व्यक्ति का असली एटीएम कार्ड चोरी कर लेता था। पासवर्ड की जानकारी होने के कारण बाद में आरोपी दूसरे एटीएम से संबंधित व्यक्ति के खाते से पैसे निकाल लेता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ठगी के लिए एटीएम मशीन से भी छेड़छाड़ करता था। वह चाकू की मदद से एटीएम मशीन के कार्ड रीडर से छेड़छाड़ कर उसमें कार्ड फंसा देता था। इसके बाद कुछ घंटे बाद वापस आकर मशीन में चाकू से छेड़छाड़ कर फंसे हुए एटीएम कार्ड निकाल लेता था।

कई मामलों में दर्ज है मुकदमा

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, एटीएम कार्ड से संबंधित अपराध और अन्य धाराओं में कुल छह मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश कुमार पुत्र पंचानन्द, निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-68, छिजारसी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसका मूल पता ग्राम ओणमा, थाना शेखोपुर सराय, जिला शेखपुरा, बिहार बताया गया है।

बरामदगी

  • अलग-अलग बैंकों के 68 एटीएम कार्ड
  • एक अवैध चाकू

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा की गई अन्य वारदातों और बरामद एटीएम कार्ड से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही है।।