रविवार, 27 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर:‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ अभियान से युवाओं को मिला स्वस्थ जीवनशैली का संदेश, 200 से अधिक लोगों ने लिया लाभ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ अभियान से युवाओं को मिला स्वस्थ जीवनशैली का संदेश, 200 से अधिक लोगों ने लिया लाभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नशामुक्त युवा–विकसित भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण जागरूकता शिविर आयोजित

दो टूक//नोएडा, 27 सितंबर 2026। ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे 100 सप्ताह संकल्प अभियान के तहत ‘My Health, My Pride–मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ विषय पर स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। MY Bharat, गौतम बुद्ध नगर की ओर से स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से यह शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिर (Urban PHC), रायपुर, सेक्टर-126, नोएडा में आयोजित हुआ।

शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं और स्थानीय समुदाय को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, संतुलित पोषण और नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं स्वयंसेवकों द्वारा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित दिनचर्या बनाए रखने और अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं को समझाया गया कि बेहतर स्वास्थ्य केवल बीमारियों से दूर रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि, सकारात्मक सोच और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन जीने का संदेश दिया गया।

आयोजकों के अनुसार, इस स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण जागरूकता शिविर से लगभग 200 युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों को लाभ मिला। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में Jax Foundation के सदस्यों ने MY Bharat स्वयंसेवकों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों को शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग किया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं स्वस्थ रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करें। आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।।