गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर, 5 लाख की चोरी का सामान बरामद; 17 समरसिबल मोटर समेत तमंचा और चोरी की बाइक भी मिली!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की जारचा थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से करीब 5 लाख रुपये कीमत की चोरी की 17 पानी की मोटर/समरसिबल, 21 पानी के पंखे, 20 एल्युमिनियम आर्मेचर, दो मोटर राउटर, 4.5 किलोग्राम तांबे का तार और 5 किलोग्राम नट-बोल्ट बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार, एक चोरी की मोटरसाइकिल और .315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिपांशु पुत्र मेघराज, निवासी रोशनपुर थाना दनकौर, वर्तमान पता रेलवे रोड दादरी, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।
खेतों में लगी मोटरों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त अपने साथी के साथ मिलकर दिन के समय गांवों और सुनसान स्थानों पर लगे ट्यूबवेल एवं पानी की मोटरों की रेकी करता था। इसके बाद रात के समय चिह्नित खेतों में पहुंचकर रिंच व अन्य औजारों की मदद से पानी की मोटर, समरसिबल और पंखे खोलकर चोरी कर लेता था।
चोरी किए गए सामान को आरोपी किसी सुरक्षित स्थान पर इकट्ठा करता था। इसके बाद मौका मिलने पर मोटरों के अंदर लगे एल्युमिनियम और अन्य धातु के पुर्जे तथा तांबे के तार निकालकर उन्हें बेच देता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध तरीके से धन अर्जित करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और सुरक्षा के लिए अपने पास अवैध तमंचा और कारतूस भी रखता था।
दो चोरी की घटनाओं का पहले से था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 28 फरवरी 2026 को सलारपुर कलां में खेत में लगी चार पानी की मोटर चोरी की थीं। इसके संबंध में थाना जारचा में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 16 अगस्त 2026 को दादूपुर खटाना स्थित नलकूप से 7.5 एचपी की बिजली की मोटर चोरी करने का मामला भी दर्ज हुआ था। दोनों घटनाओं के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को जारचा पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त दिपांशु को सैंथली की मढ़ैय्या तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल संख्या UP16DL7838, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, चोरी का सामान तथा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं। बरामद सामान में 17 पानी की मोटर/समरसिबल, 21 पानी के पंखे, 20 एल्युमिनियम आर्मेचर, दो मोटर राउटर, 4.5 किलोग्राम तांबे का तार और पांच किलोग्राम नट-बोल्ट शामिल हैं।
जारचा थाने में तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ थाना जारचा में चोरी और अवैध हथियार से संबंधित कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 041/2026 और 141/2026 में धारा 303(2)/117(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 में धारा 117(2)/117(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।।
