शनिवार, 19 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मिशन सहयोग से 104 लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, ग्रेटर नोएडा पुलिस ने ₹21 लाख के गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मिशन सहयोग से 104 लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, ग्रेटर नोएडा पुलिस ने ₹21 लाख के गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे “मिशन सहयोग” के तहत एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम के नेतृत्व में सर्विलांस सेल ग्रेटर नोएडा ने तकनीकी विश्लेषण और CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न कंपनियों के 104 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाले स्थानों, साप्ताहिक बाजारों, दोपहिया वाहन चलाते समय अथवा सुबह-शाम टहलने के दौरान गिरकर गुम हो गए थे। इसके अलावा कई मोबाइल फोन ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा से यात्रा के दौरान छूट गए थे। मोबाइल फोन गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने ग्रेटर नोएडा जोन के विभिन्न थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

सर्विलांस सेल की टीम ने इन मामलों में तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल फोन की जानकारी जुटाई। CEIR पोर्टल और तकनीकी विश्लेषण के जरिए 104 गुम मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किया गया। इसके बाद 19 सितंबर 2026 को सभी बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए।

लंबे समय बाद अपना कीमती मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। मोबाइल फोन प्राप्त करने वाले लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली और “मिशन सहयोग” की सराहना की।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई से यह संदेश भी सामने आया है कि गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आधुनिक तकनीक और CEIR पोर्टल के माध्यम से उन्हें ट्रेस कर वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।