बुधवार, 16 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी का खुलासा, 4.376 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार; बाइक और नकदी भी बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी का खुलासा, 4.376 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार; बाइक और नकदी भी बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो 376 ग्राम गांजा, गांजा बिक्री से प्राप्त 750 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सोम बाजार कट के पास से मोहित कुमार पुत्र बंशी लाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित कुमार (लगभग 30 वर्ष), निवासी ग्राम महोलिया, थाना बांगरमऊ, जिला उन्नाव, वर्तमान निवासी ग्राम छलैरा, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

नौकरी से होने वाली कमाई से नहीं चलते थे शौक, गांजा तस्करी का रास्ता अपनाया

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नोएडा में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन नौकरी से मिलने वाली आय से उसके शौक और खर्च पूरे नहीं हो पाते थे। अधिक पैसा कमाने के लालच में उसने गांजा तस्करी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार और पश्चिम बंगाल से कम कीमत पर गांजा लाता था। इसके बाद गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर भीड़भाड़ वाले इलाकों में नशे के आदी लोगों को बेचता था। गांजा बेचकर मिलने वाली रकम को वह अपने निजी खर्च और शौक-मौज में इस्तेमाल करता था।

4 किलो 376 ग्राम गांजा और बाइक बरामद

सेक्टर-39 पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो 376 ग्राम गांजा, बिक्री से प्राप्त 750 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज कर दिया है।

इस मामले में थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 455/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और गांजा सप्लाई करने वाले अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।