गौतमबुद्धनगर: जय श्रीराम-जय हनुमान के जयकारों से गूंजा पतवारी, 152वें मारुति महायज्ञ का भव्य शुभारंभ; 20 सितंबर को विशाल भंडारा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। सेक्टर-2 स्थित ग्राम पतवारी के सुप्रसिद्ध नव दुर्गा मंदिर प्रांगण में 152वें मारुति महायज्ञ का बुधवार को धार्मिक एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के शुभारंभ के साथ ही पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
यह धार्मिक आयोजन काशी के प्रसिद्ध संत, यज्ञ सम्राट एवं पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी श्री जगदीश जी महाराज के दिव्य मार्गदर्शन एवं पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार स्वामी जगदीश जी महाराज पूज्य ब्रह्मर्षि देवरहा बाबा के परम शिष्य हैं। उनके निर्देशन में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ की विधिवत शुरुआत कराई गई।
महायज्ञ के प्रथम दिन मुख्य अतिथि गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा अपनी धर्मपत्नी श्रीमती दीपिका मिश्रा के साथ नव दुर्गा मंदिर पहुंचे। मुख्य यजमानों एवं विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अग्नि प्रज्ज्वलित कर महायज्ञ का शुभारंभ किया। अग्निदेव के आह्वान के साथ ही यज्ञ कुंडों में विधि-विधानपूर्वक आहुतियां देने का क्रम शुरू हुआ।
इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने यज्ञ में आहुति देकर विश्व कल्याण, शांति, सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
20 सितंबर को पूर्णाहुति के बाद होगा विशाल भंडारा
महायज्ञ के मुख्य आयोजक महंत टीकम सिंह जी ने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान लगातार 20 सितंबर तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मुख्य पूजन, हवन, धार्मिक पाठ एवं अन्य वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। 20 सितंबर को महायज्ञ की विधिवत पूर्णाहुति होगी, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
महायज्ञ को लेकर नव दुर्गा मंदिर परिसर को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगे फूलों, धार्मिक ध्वजाओं और आकर्षक विद्युत लड़ियों से भव्य सजावट की गई है। महायज्ञ के पहले ही दिन पतवारी गांव के अलावा आसपास की सोसायटियों तथा दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने यज्ञ की परिक्रमा कर आहुतियां दीं और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
महंत टीकम सिंह ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में नव दुर्गा मंदिर पहुंचकर 152वें मारुति महायज्ञ में शामिल हों। उन्होंने श्रद्धालुओं से यज्ञ की परिक्रमा करने, आहुति देने और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
आयोजकों के मुताबिक पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी पूरी तरह मुस्तैद हैं। महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है तथा आगामी दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।।
