गौतमबुद्धनगर: दादरी में स्मैक तस्करी पर पुलिस का प्रहार, 3 लाख रुपये की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 27 सितंबर। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना दादरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत की 28.40 ग्राम स्मैक और 1,620 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को थाना दादरी पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान अजायबपुर रेलवे पुल के नीचे से स्मैक की बिक्री करने वाले आरोपी छत्रपाल उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान छत्रपाल उर्फ भूरा पुत्र बहादुर सिंह, निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 28.40 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा स्मैक बिक्री से संबंधित 1,620 रुपये नकद भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
थाना दादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-478/2026 के तहत धारा 08/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। दादरी पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।।
