गोण्डा। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के तीन अदद मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। जीआरपी ने सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-चार के पूर्वी छोर से सुशील कुमार यादव (27) निवासी रेवारी छाता, थाना मऊआइमा, प्रयागराज, आशीष कुमार यादव (24) निवासी नारायणपुर ओली, थाना कोतवाली देहात, गोण्डा तथा शंकर मंडल (22) निवासी सुभाष नगर कॉलोनी, थाना पयागपुर, बहराइच को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ट्रेन व प्लेटफार्म पर यात्रियों के सोने के वक्त अथवा असावधान होने का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करते थे।
