सोमवार, 14 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी तेज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी तेज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने अधिकारियों को दिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश, 17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रम

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 14 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी वाला जनअभियान बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल विभागीय कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे व्यापक जनभागीदारी वाला जनअभियान बनाया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं सहयोग स्थापित करते हुए सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन, जनसंवाद और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। प्रमुख शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

चित्रकला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया जाएगा सेवा का संदेश

अभियान के तहत बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कराकर विद्यार्थियों एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

संस्कृति विभाग को कलाकारों के कार्यक्रमों के लिए स्थान और तिथियों का समय से निर्धारण करने के निर्देश दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

‘सेवा की कहानी’ से सामने आएंगी लाभार्थियों की सफलता की कहानियां

बैठक में सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और उनकी सफलता की कहानियों को वीडियो, फोटो एवं डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

अभियान से संबंधित कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो नियमित रूप से विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा गया।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के जरिए पहुंचेगा विकसित भारत का संदेश

बैठक में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ को प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के साथ तीनों प्राधिकरणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाए तथा इसमें जनप्रतिनिधियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

स्वच्छता अभियान में श्रमदान करेंगे अधिकारी, कर्मचारी और आमजन

स्वच्छता कार्यक्रमों में भी जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। जनसामान्य, अधिकारी, कर्मचारी, युवा और सामाजिक संगठन श्रमदान में सहभागी बनेंगे। अभियान के प्रभाव को प्रदर्शित करने के लिए स्वच्छता अभियान से पहले और बाद की स्थिति के फोटो एवं वीडियो तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।

बैठक में ‘सेवा की कहानी’ और रंगोली कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता, सेवा, विकसित भारत-2047 और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं प्रदेश स्तरीय ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में जनपद से प्रतिभाग करने वाले लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के समापन अवसर पर जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करते हुए उनके सहयोग एवं सहभागिता से सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी और व्यापक जनअभियान बनाया जाए।

बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एसीईओ नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।।