मंगलवार, 15 सितंबर 2026

लखनऊ :कृष्णानगर में महिला की हत्या,24 घंटे में दूसरी हत्या से इलाके में सनसनी।।||Lucknow:A woman was murdered in Krishnanagar, the second murder in 24 hours, causing a sensation in the area.||

शेयर करें:
लखनऊ :
कृष्णानगर में महिला की हत्या,24 घंटे में दूसरी हत्या से इलाके में सनसनी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र बाराबिरवा में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या की वारदात ने पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते सोमवार को युवक शुभम की हत्या के बाद मंगलवार भोर मानसरोवर मार्केट में करीब 30 वर्षीय महिला राधा का रक्तरंजित शव बंद दुकान के बरामदे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लगातार सामने आईं दो हत्याओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।महिला का शव मिलने की सूचना पर पहुची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर शिनाख्त के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पुलिस टीमे घटना की छानबीन मे जुट गई है।
विस्तार
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह थाना कृष्णा नगर क्षेत्र एलडीए पुलिस चौके मानसरोवर मार्केट में दुकान खोलने पहुंचे एक दुकानदार ने बरामदे में महिला का शव पड़ा देखा। शव खून से लथपथ था। सूचना मिलते ही कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आस-पास के लोगों से पूछताछ के बाद मृतका की पहचान राधा  30 वर्षीय के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या उसके पति द्वारा किए जाने की बात सामने आई है और आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को भी कृष्णानगर क्षेत्र में एक मॉल के पीछे खाली प्लॉट में शुभम नामक युवक का शव मिला था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए थे। महज 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या सामने आने से कृष्णानगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में सवाल उठने लगे हैं।
खास बात यह है कि दोनों घटनाएं कृष्णानगर क्षेत्र के इसी इलाके में हुई हैं। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही महिला हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
ADCP साउथ के अनुसार, मंगलवार सुबह मानसरोवर मार्केट में महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शव की पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।।