मंगलवार, 15 सितंबर 2026

सुल्तानपुर : लंबित शिक्षक समस्याओं पर प्राथमिक शिक्षक संघ का हल्लाबोल दी चेतावनी।।||Sultanpur: Primary Teachers' Union issues warning against pending teacher issues.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर : 
लंबित शिक्षक समस्याओं पर प्राथमिक शिक्षक संघ का हल्लाबोल दी चेतावनी।।
21 सितंबर तक समाधान नहीं तो 22 सितंबर को धरने की चेतावनी।।
दो टूक : सुल्तानपुर जनपद बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के लंबे समय से लंबित देयकों और समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा राम बचन राम को ज्ञापन सौंपकर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण कराने की मांग की।
विस्तार :
शिक्षक संघ के जनपदीय प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि शिक्षकों के अवशिष्ट वेतन, जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, जीपीएफ लेखा पर्ची, नोशनल पेंशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ से एनपीएस में स्थानांतरित धनराशि को वापस जीपीएफ खाते में भेजने, ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण तथा नवीन प्रान आवंटन समेत कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। इसके चलते शिक्षकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एक ही विद्यालय के शिक्षकों का एक ही आदेश से अवरुद्ध एवं बहाल वेतन का अवशिष्ट भुगतान भी अलग-अलग तरीके से किया जा रहा है। जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी और अन्य वैधानिक देयकों की पत्रावलियां लंबे समय तक लंबित रहने से शिक्षक कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों के वैधानिक देयकों के भुगतान के लिए वर्षों तक इंतजार करना और कार्यालयों के चक्कर लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। संघ ने लगातार संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण जरूरी है।
जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह ने कहा कि संघ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से शिक्षकों की समस्याओं को उठाता रहा है। यदि 21 सितंबर तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र ने जीपीएफ, ग्रेच्युटी, सामूहिक बीमा, अवशिष्ट वेतन और पेंशन से जुड़े मामलों को निर्धारित समयसीमा में निस्तारित करने की मांग की। वहीं कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा ने नवीन प्रान आवंटन, आवंटित प्रान नंबर एवं कार्ड उपलब्ध कराने तथा एनपीएस कटौती से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग उठाई।
जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव ने चेतावनी दी कि यदि 21 सितंबर तक प्रमुख लंबित समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो 22 सितंबर को धरना हर हाल में किया जाएगा। संघ पदाधिकारियों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा, संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, राम बहादुर मिश्रा, धीरेन्द्र राव, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अर्चना सिंह समेत विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, मंत्री एवं पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान सैकड़ों शिक्षक पदाधिकारी मौजूद रहे।