शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: समाज सेवा और पुनर्वास के क्षेत्र में डॉ. महिपाल सिंह का सम्मान, ‘यूथ आइकन अवार्ड 2026’ के लिए हुआ चयन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: समाज सेवा और पुनर्वास के क्षेत्र में डॉ. महिपाल सिंह का सम्मान, ‘यूथ आइकन अवार्ड 2026’ के लिए हुआ चयन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। समाज सेवा, पुनर्वास और दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे फर्स्ट-वन रिहैब फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह को एक और महत्वपूर्ण सम्मान मिलने जा रहा है। युवा क्रांति सेना ने उन्हें 6वें यूथ आइकन अवार्ड्स 2026 के लिए चयनित किया है। यह सम्मान उनके सामाजिक सरोकारों, पुनर्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा युवाओं के लिए प्रेरणादायी कार्यों को देखते हुए प्रदान किया जाएगा।

युवा क्रांति सेना की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह 28 सितंबर 2026 को महाराजा अग्रसेन भवन, सेक्टर-33, नोएडा में आयोजित किया जाएगा। समारोह का आयोजन शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की 119वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इस अवसर पर समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।

युवा क्रांति सेना के अनुसार, यूथ आइकन अवार्ड केवल किसी व्यक्ति की उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि उन प्रयासों को पहचान देने का माध्यम है, जिनके जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया जा रहा है। संस्था का कहना है कि ऐसे व्यक्तित्व युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने, जरूरतमंदों की मदद करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

डॉ. महिपाल सिंह का चयन जूरी सदस्यों द्वारा किए गए विस्तृत मूल्यांकन और सिफारिश के बाद किया गया है। फर्स्ट-वन रिहैब फाउंडेशन के माध्यम से डॉ. महिपाल सिंह लंबे समय से पुनर्वास के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं और विशेष जरूरत वाले बच्चों एवं उनके परिवारों के लिए उपचार, मार्गदर्शन और बेहतर जीवन की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। उनके कार्यों को लेकर संस्था और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

डॉ. महिपाल सिंह के यूथ आइकन अवार्ड के लिए चयन की जानकारी मिलते ही फर्स्ट-वन रिहैब फाउंडेशन की टीम, सहयोगियों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। टीम के सदस्यों ने इसे संस्था के सामाजिक प्रयासों के लिए भी गौरव का क्षण बताया।

सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर डॉ. महिपाल सिंह ने युवा क्रांति सेना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों और विशेष रूप से बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।।