लखनऊ :
तेलीबाग नहर में मिला 2-3 दिन पुराना अज्ञात शव,हाथ में बंधी थी राखी से गहराया रहस्य।
दो टूक : लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र के तेलीबाग में सोमवार सुबह नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अजय बोटानिका बिल्डिंग के सामने नहर में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान न होने से पुलिस ने आसपास के इलाकों में शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं।
विस्तार :
जानकारी के मुताबिक थाना पीजीआई क्षेत्र तेलीबाग नहर में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। करीब 40 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव मिलने से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि नहर में शव मिलने से मौत की परिस्थितियां रहस्यमय बनी हुई हैं। खास बात यह है कि मृतक के दाहिने हाथ में राखी बंधी हुई मिली है, जिससे उसकी पहचान को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक ने आसमानी-सफेद चेकदार हाफ टी-शर्ट, ग्रे रंग की हाफ पैंट और कत्थई रंग का अंडरवियर पहन रखा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही नहर के आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
