लखनऊ :
कृष्णानगर में मजदूर की गला रेतकर निर्मम हत्या, सड़क किनारे मौरंग पर मिला शव, इलाके मे मचा हड़कंप।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना कृष्णा नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे मौरंग के ढेर पर एक मजदूर का शव पड़ा मिला। मृतक की गर्दन पर नुकीली वस्तु से कटे और चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उच्चाधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब 6:30 बजे थाना कृष्णानगर क्षेत्र एसएस ग्रांड होटल के पास सड़क किनारे पड़ी मौरंग पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर मृतक की गर्दन पर नुकीली वस्तु से कटे व चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आस-पास मौजूद मजदूरों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान राम बाबू मौर्य (करीब 35 वर्ष), पुत्र गोविंद प्रसाद मौर्य, निवासी गोला कुआं, टिकैतगंज, लखनऊ के रूप में हुई। बताया गया कि राम बाबू एक निर्माणाधीन भवन में मजदूरी का काम करता था।
शव की पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी गई। परिवार के मौके पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों और कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राम बाबू को घटनास्थल तक कौन लेकर आया और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं। गर्दन पर मिले चोट और कटने के निशान मामले को सीधे तौर पर हत्या की आशंका की ओर ले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कृष्णानगर पुलिस संदिग्धों से पूछताछ और अन्य बिंदुओं पर जांच करते हुए वारदात के जल्द खुलासे में जुटी है।
●एसीपी अभिषेक पांडे के मुताबिक, रविवार रात झोपड़पट्टी निवासी शुभम की बेटी का जन्मदिन समारोह था। कुछ लोग शराब के नशे में थे। इसी समय वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
●ADCP साउथ बसंत कुमार रल्ला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुची पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम घटना छानबीन शुरु कर दी है
जल्द ही आरोपियों की पहचान करके घटना का खुलासा किया जाएगा। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
