मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: स्कूल के बाहर बाइक चोरी, 15 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं; रोजा जलालपुर चौकी के चक्कर काट रहा पीड़ित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: स्कूल के बाहर बाइक चोरी, 15 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं; रोजा जलालपुर चौकी के चक्कर काट रहा पीड़ित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र की रोजा जलालपुर चौकी इलाके में स्कूल के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना को करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। बाइक चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात भी पीड़ित ने कही है।

पीड़ित के मुताबिक, वह अपनी मोटरसाइकिल स्कूल के बाहर खड़ी करके गया था। वापस लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरी की घटना कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उसे कार्रवाई के लिए रोजा जलालपुर चौकी के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उसका कहना है कि चौकी प्रभारी की ओर से उसे कई बार चौकी पर बुलाया गया और वह अब तक करीब 10 बार चौकी जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।

पीड़ित का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद कार्रवाई में देरी समझ से परे है। लगातार चौकी के चक्कर लगाने के बाद अब उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।

मामला बिसरख थाना क्षेत्र की रोजा जलालपुर चौकी का है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।।