मऊ :
इंदारा यार्ड में रेलवे ट्रैक का मेंटेनेंस, 12 घंटे बंद रहेगा,यातायात प्रभावित।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद मे इंदारा-दोहरीघाट रेलखंड के इंदारा यार्ड में रेलवे द्वारा विशेष अनुरक्षण एवं मेंटेनेंस कार्य कराया जाएगा। इसके चलते इंदारा यार्ड स्थित समपार संख्या-4 स्पेशल (ओपीई किमी 60/24-26) पर सड़क यातायात प्रभावित रहेगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर, पश्चिम रेलवे, मऊ की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार समपार संख्या-4 स्पेशल पर 27 सितंबर 2026 की रात 8 बजे से 28 सितंबर 2026 की सुबह 8 बजे तक रेलवे का अनुरक्षण कार्य प्रस्तावित है। इस दौरान रेलवे सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित समपार पर सड़क यातायात को नियंत्रित/बाधित किया जाएगा।
रेलवे ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि कार्य की अवधि में सड़क यातायात को नियंत्रित करने तथा रेलवे कर्मचारियों को सुरक्षित ढंग से कार्य करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मऊ, उप जिलाधिकारी मऊ, स्थानीय थाना, कोपागंज थाना, आरपीएफ मऊ, स्टेशन अधीक्षक इंदारा तथा संबंधित रेलवे अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है।
रेलवे के अनुसार निर्धारित अवधि में होने वाला यह कार्य रेल यातायात की सुरक्षा और ट्रैक की देखरेख के लिए आवश्यक है। यात्रियों एवं वाहन चालकों से अनुरोध है कि कार्य अवधि में संबंधित मार्ग पर आवागमन करते समय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें।
