मऊ :
तेज बारिश के चलते कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल रहेगे बंद।
तेज बारिश और चक्रवात की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन का फैसला, विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले में तेज बारिश और चक्रवात की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार को कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग से प्राप्त अलर्ट और संभावित खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।
प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी रानीपुर सुनील कुमार ने बताया कि अवकाश का आदेश जनपद में संचालित सभी बोर्डों के कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अंतर्गत परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।
प्रशासन ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचाने के लिए यह कदम उठाया है। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन से आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन की अपील: अभिभावक मौसम की स्थिति पर नजर रखें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
