शनिवार, 19 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: 1 अक्टूबर से बिना PUC सर्टिफिकेट पेट्रोल-डीजल पर लगेगी रोक, पंपों पर मोबाइल ऐप से होगी वाहनों की जांच!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 1 अक्टूबर से बिना PUC सर्टिफिकेट पेट्रोल-डीजल पर लगेगी रोक, पंपों पर मोबाइल ऐप से होगी वाहनों की जांच!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 सितंबर 2026। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUCC) वाले वाहन चालकों पर सख्ती की तैयारी शुरू हो गई है। 1 अक्टूबर 2026 से गौतमबुद्धनगर समेत दिल्ली-एनसीआर के पेट्रोल-डीजल पंपों पर बिना वैध PUCC वाले वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी गौतमबुद्धनगर निलेश उत्पल ने वाहन स्वामियों और चालकों को आवश्यक सूचना जारी की है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में बिना वैध PUCC के संचालित होने वाले वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अधिनियम, 2021 की धारा 12 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके तहत 1 अक्टूबर से गौतमबुद्धनगर के सभी पेट्रोल और डीजल पंपों पर पहुंचने वाले वाहनों की मोबाइल ऐप के माध्यम से जांच की जाएगी। जांच के दौरान वाहन का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUCC) वैध है या नहीं, इसकी जानकारी देखी जाएगी और संबंधित सूचना परिवहन विभाग के साथ साझा की जाएगी।

पेट्रोल पंप संचालकों ने शुरू की तैयारी

प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के बाद जनपद के पेट्रोल पंप संचालकों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। पंपों पर तैनात कर्मचारियों के मोबाइल फोन में संबंधित ऐप डाउनलोड कराया जा रहा है, जिसके माध्यम से वाहनों के PUCC प्रमाण-पत्र की जांच की जाएगी। विभागीय अभियान के तहत यह प्रक्रिया क्रमशः शुरू कर दी गई है।

वाहन स्वामियों से PUCC अपडेट कराने की अपील

जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का प्रदूषण प्रमाण-पत्र समय रहते अपडेट करा लें। 1 अक्टूबर के बाद वैध PUCC प्रमाण-पत्र नहीं होने की स्थिति में पेट्रोल या डीजल की आपूर्ति में दिक्कत हो सकती है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए अपने वाहन का PUCC प्रमाण-पत्र पहले ही बनवा लें या उसकी वैधता जांच लें, ताकि पेट्रोल-डीजल लेने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।।